दुर्ग जिला राज्योत्सव में मुख्य अतिथि रायपुर सांसद *बृजमोहन* अग्रवाल ने कहा कि यहां डबल इंजन की सरकारें छत्तीसगढ़ को तीव्र गति से विकास की राह पर लेकर जा रही है/दुर्ग शहर विधायक *गजेंद्र यादव ने कहा कि 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है/ वैशली नगर MLA रिकेश सेन ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में तैयार विकास विजन को CM साय पूरा कर रहे हैं जिसकी तारीफ PM मोदी ने भी की।

कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले की विकास प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। दुर्ग, 05 नवम्बर 2024/ सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय दुर्ग में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आगाज हुआ। मुख्य अतिथि सांसद श्री अग्रवाल ने दीप प्रज्जवलित कर राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इससे पूर्व सांसद श्री अग्रवाल ने विभिन्न स्टॉलों में पहुंचकर विभागीय विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग शहर विधायक श्री गजेन्द्र यादव ने की। वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यहां डबल इंजन की सरकारें छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को तीव्र गति से विकास की राह पर लेकर जा रही है। विधायक श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक श्री रिकेश सेन ने अपने उद्बोधन में राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण कर उन्हें प्रणाम किया। उन्होंने दुर्गवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ के विकास का विजन तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नई-नई योजनाएं संचालित हो रही है, जिसकी तारीफ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले की विकास प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ राज्य का गौरव है। पुरातनकाल से अब तक दुर्ग जिले का इतिहास और वर्तमान अपने आप में प्राचीन मूल्यों और आधुनिकता का अद्भुत समन्वय है। यहां एक ओर तो सांस्कृतिक मूल्य गहराई से जुड़े हुए हैं तो वही निरंतर पल्लवित होती उद्यमिता इसे एक औद्योगिक जिले के रूप में स्थापित करती है। दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास का अग्रदूत है। जहां भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना के साथ न सिर्फ जिले बल्कि संपूर्ण प्रदेश का चौतरफा औद्योगिक विकास हुआ है। इसके साथ ही दुर्ग जिला सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक सामंजस्य, संसाधनों के अर्थपूर्ण उपयोग एवं विभिन्न जातियों एवं धर्माें के लोगों के बीच आपसी सौहार्द्र के लिये भी जाना जाता है। कलेक्टर ने प्रतिवेदन में विभागवार उपलब्धियों को अवगत कराया। कलेक्टर ने बताया कि राज्य अलंकरण पुरस्कार दुर्ग जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग से महिला उत्थान एवं जनजागृति श्रीमती पार्वती ढ़ीढ़ी सतनामी महिला जागृति समिति कोहका को मिनीमाता सम्मान एवं महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष, नारी उत्थान कुमारी चित्ररेखा सिन्हा ग्राम नगपुरा को माता बहादुर कलारिन सम्मान, संस्कृति विभाग से शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य पं. श्री सुधाकर रामभाऊ शेवलीकर भिलाई को चक्रधर सम्मान एवं छत्तीसगढ़ी लोक संगीत श्री दुष्यंत कुमार हरमुख मरोदा सेक्टर भिलाई को खुमान साव सम्मान और श्रम विभाग से श्री शोभा सिंह रिसाली सेक्टर भिलाई एवं श्री ललित कुमार नायक भिलाई को स्व. महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार से राज्य स्तरीय राज्योत्सव में 06 नवम्बर को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र शुक्ला, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा समस्त विभाग के अधिकारी/कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। समाचार क्रमांक: 1170 ःः000ःः

1 / 1

1.